Spread the love

प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। लगातार की जा रही सघन चेकिंग और ताबड़तोड़ छापेमारी से आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों में खौफ का माहौल बना हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद पुलिस लगातार नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में 24 मई 2026 को थाना सिडकुल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति इंद्रलोक कॉलोनी स्थित वेदा वेलनेस सेंटर के सामने खाली मैदान के पास मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 11 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सूरज सिंह नेगी निवासी ग्राम बनियाडी अगस्त्यमुनि जनपद रुद्रप्रयाग तथा अरुण सिंह बिष्ट निवासी ग्राम चकोट अगस्त्यमुनि जनपद रुद्रप्रयाग के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह विकास रावत और सोहन राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp