Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए चमोली पुलिस ने एक बेजुबान पशु की जान बचाने के लिए साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाया। अलकनंदा नदी के तेज बहाव के बीच फंसी एक गाय को पुलिस, DDRF और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार कोतवाली चमोली को सूचना प्राप्त हुई कि चमोली के समीप अलकनंदा नदी के तट पर एक गाय तेज बहाव के बीच फंस गई है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ा हुआ था और बहाव इतना तेज था कि किसी भी समय गाय के बह जाने का खतरा बना हुआ था। सूचना मिलते ही कोतवाली चमोली से वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय प्रकाश तथा आरक्षी बनबीर सिंह DDRF टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अलकनंदा नदी के तेज बहाव और फिसलन भरे तट जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिस और DDRF की टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नदी के बीच तक पहुंच बनाई। काफी मशक्कत के बाद टीम ने गाय को रस्सियों की सहायता से सुरक्षित बांधा और सावधानीपूर्वक नदी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद गाय की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए पशुपालन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया ताकि उसका आवश्यक परीक्षण और उपचार कराया जा सके। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और DDRF टीम का पूरा सहयोग किया। स्थानीय नागरिकों ने चमोली पुलिस और DDRF के इस सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि पुलिस ने जिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ एक बेजुबान पशु की जान बचाई है वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। चमोली पुलिस ने कहा कि मानव जीवन के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है और आपात परिस्थितियों में पुलिस हर जरूरतमंद की सहायता के लिए तत्पर रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp