Spread the love

प्रदीप कुमार
मुनिकीरेती/टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा पर्यटन सीजन एवं आगामी सोमवती अमावस्या के दृष्टिगत मुनिकीरेती तपोवन ढालवाला तथा आसपास के क्षेत्रों में वाहनों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे एवं क्षेत्राधिकारी मुनिकीरेती सुरेन्द्र सिंह भंडारी स्वयं यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए मैदान में उतरे। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी श्वेता चौबे ने तपोवन ब्रह्मानंद मोड़ ढालवाला सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा संभावित जाम की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों कंट्रोल रूम और ड्रोन के माध्यम से लगातार नजर रखी गई। आवश्यकता पड़ने पर वाहनों का चरणबद्ध संचालन तथा डायवर्जन व्यवस्था भी लागू की जा रही है जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए टिहरी पुलिस पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो और श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp