Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के साथ अगस्त्यमुनि में निर्माणाधीन बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति गुणवत्ता तथा मानसून के दृष्टिगत जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माणाधीन बाईपास मार्ग के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया और विशेष रूप से ड्रेनेज व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुदृढ़ एवं वैज्ञानिक जल निकासी प्रणाली विकसित की जाए ताकि वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव आवासीय भवनों की सुरक्षा तथा सड़क को होने वाले संभावित नुकसान जैसी समस्याओं से बचा जा सके। विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि किसी भी सड़क परियोजना की दीर्घकालिक उपयोगिता के लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था अत्यंत आवश्यक होती है। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि अगस्त्यमुनि बाईपास के निर्माण से नगर क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा तथा आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा। इसके साथ ही स्थानीय जनता और चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विधायक ने निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp