Spread the love

प्रदीप कुमार
कर्णप्रयाग-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप सोमवार को श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर निहंग यात्रियों द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने की घटना में चार स्थानीय लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है तथा उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कर्णप्रयाग बाजार निवासी प्रकाश रावत पुत्र राजेंद्र सिंह रावत का कुछ निहंग यात्रियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दो निहंग यात्रियों ने प्रकाश रावत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय लोगों पर भी दो अन्य निहंग यात्रियों ने हमला कर दिया जिससे कुल चार स्थानीय व्यक्ति घायल हो गए। घायलों में से एक को गंभीर स्थिति के चलते एयर एम्बुलेंस से देहरादून भेजा गया जबकि अन्य तीन घायलों की स्थिति सामान्य और स्थिर बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और हमला करने वाले चारों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया। पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर यातायात प्रभावित हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार स्वयं मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय नागरिकों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया। प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से राष्ट्रीय राजमार्ग को पुनः यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने ब्लॉक सभागार कर्णप्रयाग में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं चिंताओं को विस्तार से सुना। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए आवश्यक एवं प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़े सभी जनपदों के साथ समन्वय स्थापित कर कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित किया गया जिससे अधिक संख्या में वाहन प्रभावित नहीं हुए। जिला प्रशासन ने मार्ग में फंसे यात्रियों के लिए पेयजल और खाद्य सामग्री की भी समुचित व्यवस्था की। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनपद में चारधाम यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संचालित हो रही है तथा वर्तमान में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सामान्य है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्पष्ट कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था भंग करने गुंडागर्दी करने अथवा आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में पुलिस की सतत निगरानी जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इस दौरान उपजिलाधिकारी अबरार अहमद पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा तहसीलदार सुधा डोभाल प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल सहित प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp