प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं। हाल ही में कुछ सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर यह भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई कि यात्रा मार्ग पर स्थापित सार्वजनिक पेयजल स्थलों से नल हटा दिए गए हैं जिससे श्रद्धालुओं को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए वस्तुस्थिति का स्थलीय सत्यापन कराया। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर जल संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सभी पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी सार्वजनिक पेयजल स्थल पूरी तरह क्रियाशील पाए गए तथा सभी स्थानों पर नल लगे हुए मिले। पूरे यात्रा मार्ग पर पेयजल व्यवस्था सुचारु पाई गई और श्रद्धालुओं को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संजय सैनी ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे कुछ वीडियो यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व के हैं। यात्रा शुरू होने से पहले संबंधित स्थलों पर आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य कर सभी पेयजल व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया था। वर्तमान में पूरे हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर पेयजल आपूर्ति सुचारु है तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने निर्देश दिए हैं कि हेमकुंड साहिब यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा मार्ग पर उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुविधा और सुगम यात्रा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पेयजल स्वच्छता स्वास्थ्य विद्युत संचार यातायात तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी जानकारी के लिए जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
