प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चारधाम यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जनपद रुद्रप्रयाग के रतूड़ा क्षेत्र में आधुनिक राज्य अतिथि गृह का निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को राज्य सचिवालय में सचिव राज्य संपत्ति विभाग डॉ.आर.राजेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई जिसमें प्रस्तावित अतिथि गृह की कार्ययोजना डिजाइन और निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चारधाम यात्रा की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस परियोजना के लिए रतूड़ा क्षेत्र में 0.375 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल इस योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से प्रारंभ किया जा सके। बैठक में सचिव राज्य संपत्ति विभाग ने कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित भवन का निर्माण आधुनिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाए। भवन में स्थानीय संस्कृति प्राकृतिक परिवेश और पर्वतीय क्षेत्रों की आवश्यकताओं का समावेश किया जाए ताकि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित कर सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में कक्ष बैठक कक्ष वीआईपी सुविधाएं पार्किंग सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया जाए। सचिव ने पर्यावरणीय एवं तकनीकी मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि भवन का निर्माण राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मानकों के अनुरूप किया जाए तथा नदी से निर्धारित दूरी का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही भवन की ऊंचाई और निर्माण संबंधी सभी मानक पर्वतीय क्षेत्रों के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और परियोजना की शासन स्तर पर नियमित निगरानी की जाएगी। बैठक में बताया गया कि रुद्रप्रयाग चारधाम यात्रा का प्रमुख केंद्र होने के कारण यह राज्य अतिथि गृह केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं वीआईपी आगंतुकों तथा प्रशासनिक अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा। इसके निर्माण से आपदा प्रबंधन प्रशासनिक बैठकों और राज्य अतिथियों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी लक्ष्मण सिंह उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी अधिशासी अभियंता इन्द्रजीत बोस तथा सहायक अभियंता ओमप्रकाश चन्द्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। सचिव राज्य संपत्ति विभाग डॉ.आर.राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप राज्य की परिसंपत्तियों को आधुनिक और उपयोगी स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। रतूड़ा में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह चारधाम यात्रा और प्रशासनिक आवश्यकताओं की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने कहा कि इसे आधुनिक पहाड़ी वास्तुकला उच्च गुणवत्ता और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा तथा निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
