Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को पिटकुल हेमकुण्ड रोपवे बीआरओ एनएचआईडीसीएल यूएसडीए तथा लोक निर्माण विभाग से संबंधित भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि हस्तांतरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हेमकुण्ड रोपवे परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का संपूर्ण लिडार (लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग) सर्वे पूरा हो चुका है। साथ ही गोविंदघाट से घांघरिया तक रोपवे का अलाइनमेंट भी तैयार कर लिया गया है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सितंबर माह तक परियोजना का संपूर्ण फील्ड सर्वे हर हाल में पूरा किया जाए ताकि शीतकाल के दौरान प्रतिकूल मौसम और दुर्गम परिस्थितियां शुरू होने से पहले आवश्यक कार्य पूरे किए जा सकें तथा परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो। पिटकुल से संबंधित भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने हाटसारी क्षेत्र में लंबित भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए टीएचडीसी और पिटकुल की संयुक्त बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नंदप्रयाग से संबंधित मामले में उपजिलाधिकारी को दस दिन के भीतर भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। बीआरओ की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान सिमली ग्वालदम जोशीमठ मारवाड़ी माणा पास जोशीमठ सुरईकोटा कुरकुटी गमशाली सहित अन्य परियोजनाओं के भूमि अधिग्रहण मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की समय-सीमा निर्धारित करते हुए मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि सामरिक और जनहित से जुड़ी सड़क एवं अन्य विकास परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समय में आगे बढ़ सके। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि संबंधी अभिलेखों सीमांकन स्वामित्व संबंधी औपचारिकताओं तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी संबंधित उपजिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *