प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली पुलिस ने गोविन्दघाट और पांडुकेश्वर क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच विधि-विरुद्ध किशोरों को संरक्षण में लिया है जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें पांच मोबाइल फोन और दो पावर बैंक बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को उत्तर प्रदेश के शामली निवासी अंकित मलिक ने पांडुकेश्वर चौकी में सूचना दी कि उनकी मोटरसाइकिल वासुदेवा होटल के सामने से चोरी हो गई है। शिकायत मिलने पर गोविन्दघाट कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दिन कर्नाटक निवासी श्रीनाथ के आर ने गोविन्दघाट गुरुद्वारे में विश्राम के दौरान उनका वीवो मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज कर दोनों घटनाओं की जांच एक साथ शुरू की गई। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने हनुमानचट्टी क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे और एक मोटरसाइकिल सड़क पर छोड़ दी। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी छह लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पांडुकेश्वर से एक मोटरसाइकिल और टिहरी जनपद के मलेथा क्षेत्र से दूसरी मोटरसाइकिल चोरी की थी। उन्होंने यह भी कबूल किया कि 22 जुलाई की रात गोविन्दघाट गुरुद्वारे से पांच मोबाइल फोन और दो पावर बैंक चोरी किए थे। सत्यापन के दौरान पकड़े गए छह लोगों में से पांच विधि-विरुद्ध किशोर पाए गए जिन्हें किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया गया। वहीं दिल्ली के नागलोई निवासी 20 वर्षीय आसू जो वर्तमान में अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में कार्यरत है को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं विधि-विरुद्ध किशोरों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस ने बरामद दूसरी मोटरसाइकिल के संबंध में टिहरी गढ़वाल निवासी स्वामी विकास उनियाल से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल मलेथा पेट्रोल पंप के पास से चोरी हुई थी जिसकी सूचना पहले ही कीर्तिनगर थाने में दी जा चुकी थी। वहीं बरामद वीवो मोबाइल की पहचान शिकायतकर्ता श्रीनाथ ने की और आईएमईआई नंबर के मिलान के बाद मोबाइल उसी का पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद किया गया सामान चोरी की 2 मोटरसाइकिलें 5 मोबाइल फोन जिनमें एप्पल आईफोन वीवो और पोको कंपनी के मोबाइल शामिल हैं 2 पावर बैंक पुलिस टीम गोविन्दघाट कोतवाली एवं पांडुकेश्वर चौकी की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस पूरे चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया।
