Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार पुलिस ने घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने-चांदी की ज्वैलरी अन्य सामान घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए हैं। मामला 3 अगस्त 2026 का है जब कोटद्वार निवासी प्राची रावत ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि 2 अगस्त को वह अपनी माता को छोड़ने के लिए घर से बाहर गई थीं। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अज्ञात चोर घर से ज्वैलरी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर चोरी के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटना के खुलासे के लिए व्यापक अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में गहन पड़ताल की। तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया तथा सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से प्राप्त जानकारियों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर 5 अगस्त 2026 को राहत अली अरुण और रिहान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र एक सोने की अंगूठी दो चांदी की चेन तीन जोड़ी चांदी की पाजेब एक सूटकेस कपड़े सहित अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। इसके अलावा चोरी की वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और चोरी के लिए इस्तेमाल किए गए सब्बल प्लास पेचकस बोल्ट लीवर तथा कटर भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया। पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा पुलिस पूछताछ में सामने आया कि राहत अली इस गिरोह का सरगना है और उसके विरुद्ध दिल्ली में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने बताया कि वे पहले जिन घरों को निशाना बनाते थे उनकी कई दिनों तक रेकी करते थे। घर में रहने वाले लोगों की दिनचर्या आवाजाही और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात के दौरान अरुण और रिहान निगरानी करते थे जबकि राहत अली घर में घुसकर चोरी करता था। चोरी के सामान को बेचकर मिलने वाली रकम का उपयोग तीनों आरोपी नशे की लत पूरी करने में करते थे। गिरफ्तार आरोपी गिरफ्तार आरोपियों में अरुण निवासी अमरोहा (उत्तर प्रदेश) रिहान निवासी संभल सराय (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी दिल्ली तथा राहत अली निवासी दिल्ली शामिल हैं। बरामद सामान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का मंगलसूत्र एक सोने की अंगूठी दो चांदी की चेन तीन जोड़ी चांदी की पाजेब एक सूटकेस कपड़े चोरी में प्रयुक्त स्कूटी तथा सब्बल प्लास पेचकस बोल्ट लीवर और कटर बरामद किए हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन उपनिरीक्षक रंजीत तोमर (सीआईयू कोटद्वार) उपनिरीक्षक शोयब अली सहायक उपनिरीक्षक जयपाल सिंह मुख्य आरक्षी राकेश आजाद आरक्षी चन्द्रपाल आरक्षी सतीश शर्मा आरक्षी शीतांशु (सीआईयू कोटद्वार) तथा होमगार्ड कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp