Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने गुरुवार को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र रुद्रप्रयाग के मतदेय स्थल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित नोटिस वितरण दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा सुनवाई प्रक्रिया की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बूथ लेवल अधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों से जारी किए गए नोटिसों प्राप्त दावे एवं आपत्तियों तथा उनकी सुनवाई की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित मतदेय स्थल पर गुरुवार को कुल 84 नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने सुनवाई से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। मतदाता सूची की शुद्धता और अद्यतनता ही निष्पक्ष एवं विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों एवं प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रत्येक दावा और आपत्ति का तथ्यों के आधार पर परीक्षण किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण का अभिलेखीकरण सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखा जाए तथा सुनवाई प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान आमजन के साथ लगातार संवाद एवं समन्वय बनाए रखा जाए तथा उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों एवं निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके। निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग हरेंद्र चौहान बूथ लेवल अधिकारी क्रांति बिष्ट सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी तथा नोटिसों के संबंध में उपस्थित नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *