Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सितंबर माह में प्रस्तावित खेल महाकुंभ की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का आयोजन सुव्यवस्थित पारदर्शी और जनभागीदारी के साथ किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। बैठक में जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि खेल महाकुंभ के अंतर्गत अंडर-14 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं तीन चरणों में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा 21 से 30 सितंबर तक संसदीय स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिताओं का विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र तैयार करने सभी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों एवं अन्य आवश्यक कार्मिकों की समय से तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खेल स्थल का शीघ्र चयन किया जाए तथा जिन मैदानों में मरम्मत अथवा अन्य सुधार कार्य आवश्यक हैं उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। साथ ही खिलाड़ियों के लिए भोजन एवं जलपान की समुचित व्यवस्था पेयजल विद्युत स्वास्थ्य सेवाएं प्राथमिक उपचार तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जाएं। बैठक के दौरान सभी विकासखंडों के विकासखंड युवा कल्याण अधिकारियों प्रांतीय रक्षक दल अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली गई। आयोजन को और अधिक प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए सुझाव और फीडबैक भी प्राप्त किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल महाकुंभ को जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाए। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों क्षेत्र पंचायत सदस्यों ग्राम प्रधानों तथा अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों को आयोजन से जोड़ा जाए ताकि अधिक से अधिक बच्चे प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। बैठक में जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 के प्रथम सप्ताह की प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। प्रतियोगिताओं में जिले के युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ‘सूर्य नमस्कार’ प्रतियोगिता में सोनम रावत ने प्रथम सूरजपाल सिंह ने द्वितीय तथा तनुजा रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ‘मेरा जनपद–मेरी पहचान’ प्रतियोगिता में वंशिका नेगी प्रथम शर्मिला द्वितीय तथा तनुराग रावत तृतीय स्थान पर रहे। जिलाधिकारी ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि डिजिटल यूथ फेस्टिवल का उद्देश्य युवाओं को उनकी रचनात्मकता नवाचार सांस्कृतिक प्रतिभा तथा स्थानीय पहचान को डिजिटल मंच के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने जनपद के अधिक से अधिक युवाओं से आगामी प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार थानाध्यक्ष जयपाल नेगी जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी डॉ. अमित मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp