प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विकासखंड चंबा स्थित सुमन कॉलोनी के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं बच्चों की शिक्षा तथा पोषण संबंधी गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं अभिलेखों और बच्चों को दी जा रही सेवाओं का विस्तार से अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका पोषण पंजिका सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की। उन्होंने केंद्र में पंजीकृत बच्चों की संख्या उनके नियमित वजन परीक्षण तथा उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे पोषण आहार की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री को निर्देश दिए कि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा उनके वजन और स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बच्चों के बीच बैठीं और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को अंग्रेजी वर्णमाला तथा प्रारंभिक अक्षर ज्ञान का अभ्यास कराया। साथ ही बच्चों से वर्णमाला और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी सीखने की क्षमता और शिक्षा की गुणवत्ता का भी आकलन किया। बच्चों ने सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए। जिलाधिकारी ने बच्चों की पुस्तकों का भी अवलोकन किया और उन्हें नियमित रूप से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव होती है इसलिए आंगनवाड़ी केंद्रों में शिक्षा और पोषण दोनों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री लक्ष्मी देवी उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी ने केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा के लिए सभी आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
