प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के अंतर्गत संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ईआरओ रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट ने रुड़की विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 55 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसआईआर के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे सत्यापन एवं संबंधित अभिलेखों का जायजा लिया। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बीएलओ से क्षेत्र में चल रही एसआईआर गतिविधियों मतदाताओं से संपर्क प्राप्त प्रपत्रों एवं अन्य संबंधित कार्यों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज किया जाए तथा किसी भी मतदाता को अनावश्यक कठिनाई न हो। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के मतदाताओं से भी अपील की कि वे एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करें तथा अपने एवं अपने परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।
