Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए वादी के 19 वर्षीय बेटे अमन नेगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत ज्वैलरी बरामद की है। जांच में सामने आया कि ऑनलाइन गेमिंग और घूमने-फिरने के शौक के चलते युवक ने अपने ही घर में चोरी की साजिश रची और घर का ताला तोड़कर ज्वैलरी एवं अन्य सामान चोरी कर लिया। दिनांक 1 अगस्त 2026 को वादी मनमोहन सिंह नेगी निवासी कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने बताया कि वह रात्रि में अपने घर के पास ही किसी परिचित की रिटायरमेंट पार्टी में गए थे। जब वह वापस घर पहुंचे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और घर से चोर ज्वैलरी एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। इस संबंध में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उक्त निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। घटना के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में गहन पतारसी-सुरागरसी की। पुलिस टीम ने लगातार मेहनत करते हुए सर्विलांस विश्लेषण और स्थानीय मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर घटना के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की। संभावित संदिग्धों एवं उपलब्ध साक्ष्यों का भी सूक्ष्म परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर पुलिस टीम ने मामले की विवेचना को जीरो लेवल से पुनः शुरू किया। घटनास्थल घटना के समय परिवारजनों की गतिविधियों आसपास के व्यक्तियों और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से दोबारा विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान वादी के पुत्र अमन नेगी की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद गहन पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसकी संलिप्तता की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि अभियुक्त अमन नेगी ने स्वयं अपने घर का ताला तोड़कर घर में रखी ज्वैलरी एवं अन्य सामान चोरी किया था। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह एक लैब में कोर्स कर रहा है तथा उसे घूमने-फिरने और ऑनलाइन गेम खेलने का शौक है। इसी दौरान उसने योजनाबद्ध तरीके से अपने ही घर में चोरी की घटना को अंजाम देने की योजना बनाई। उसने सोचा था कि चोरी करने के बाद वह पकड़ा नहीं जाएगा। पुलिस टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 14 अगस्त 2026 की रात अभियुक्त अमन नेगी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई शत-प्रतिशत ज्वैलरी बरामद की गई। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त अमन नेगी उम्र 19 वर्ष पुत्र मनमोहन सिंह नेगी निवासी पदमपुर कोटद्वार पौड़ी गढ़वाल। बरामदगी एक त्रिमाला सोने की एक अंगूठी सोने की दो चेन सोने की एक जोड़ी झुमके सोने के नौ धगुली चांदी की पुलिस टीम उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन उपनिरीक्षक रंजीत तोमर सीआईयू कोटद्वार उपनिरीक्षक वेदप्रकाश अपर उपनिरीक्षक अहसान अली सीआईयू कोटद्वार कांस्टेबल चन्द्रपाल कांस्टेबल सतीश शर्मा कांस्टेबल शीतांशु सीआईयू कोटद्वार कांस्टेबल अवनीश राणा सीआईयू कोटद्वार एवं हेड कांस्टेबल कुलदीप।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *