Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वतंत्रता दिवस-2026 के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने सभी थाना प्रभारियों को सघन चेकिंग एवं सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में थाना कैम्पटी पुलिस द्वारा 14 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग अभियान के दौरान चौकी नैनबाग प्रभारी उपनिरीक्षक मंगेश कुमार मय पुलिस टीम द्वारा अगलाड़ पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को चेक किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बैग से 50 जिन्दा अवैध 12 बोर कारतूस बरामद हुए। पुलिस टीम ने अभियुक्त जयवीर सिंह पुत्र उदय सिंह निवासी ग्राम चन्दवाण गांव मौगी तहसील नैनबाग थाना कैम्पटी जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 27 वर्ष को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर थाना कैम्पटी में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त से बरामद कारतूस के संबंध में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त जयवीर सिंह पुत्र उदय सिंह निवासी ग्राम चन्दवाण गांव मौगी तहसील नैनबाग थाना कैम्पटी जनपद टिहरी गढ़वाल उम्र 27 वर्ष। बरामदगी 50 जिन्दा अवैध 12 बोर कारतूस। पुलिस टीम उपनिरीक्षक मंगेश कुमार चौकी प्रभारी नैनबाग तथा कांस्टेबल 08 एपी अंकित रावत। टिहरी पुलिस द्वारा स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। संदिग्ध गतिविधियों अवैध हथियारों एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध टिहरी पुलिस की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *