प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ सर्जन डॉ.एम.एन.गैरोला रहे। प्राचार्य डॉ.सी.एम.एस.रावत एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ.ए.एन.पांडेय की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस मौके पर चिकित्सकों मेडिकल स्टाफ विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को नमन किया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरक संबोधनों ने समारोह में उत्साह और उमंग भर दी। मुख्य अतिथि डॉ.एम.एन. गैरोला ने अपने अनुभव साझा करते हुए युवा चिकित्सकों एवं विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्राचार्य डॉ.सी.एम.एस.रावत ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान कॉलेज परिवार ने राष्ट्र की एकता अखंडता और सेवा के संकल्प के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया।
