प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लक्सर पुलिस ने बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर रक्त एकत्रित करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 27 यूनिट रक्त 27 खाली ब्लड बैग ब्लड कलेक्शन एवं जांच उपकरण और दो वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी गांव-देहात के क्षेत्रों में लोगों के बीच कैंप लगाकर रक्तदान कराते थे और एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास करते थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा जनपद में अवैध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए उनके विरुद्ध समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 16 अगस्त 2026 को कोतवाली लक्सर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति संगठित रूप से गांव-देहात के क्षेत्रों में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों से रक्त एकत्रित कर रहे हैं। सूचना यह भी थी कि एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक में न ले जाकर अन्य राज्यों में अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना पर चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में तलाश शुरू की तथा चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को भी सूचना से अवगत कराया। पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी जांच की। स्विफ्ट कार की डिग्गी से एक आइस बॉक्स बरामद हुआ जिसमें 27 यूनिट रक्त एवं 27 खाली ब्लड बैग रखे हुए थे। इसके अतिरिक्त ब्लड यूनिट की जांच एवं माप तथा रक्त संग्रह से संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए। वहीं स्कॉर्पियो एन कार की तलाशी लेने पर चार डोनर चेयर डोनर फॉर्म बुक वेट मशीन अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली चार बेल्ट बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति या लाइसेंस के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा था। मामले में पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है तथा हिरासत में लिए गए आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में अनित सैनी पुत्र राजेश कुमार निवासी फतवा थाना लक्सर हरिद्वार शुभम कुमार पुत्र जीतराम निवासी ग्राम माड़ा बेला पोस्ट चन्दपुरी कला थाना खानपुर हरिद्वार दुष्यन्त कुमार पुत्र मदनलाल सैनी निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी आवास विकास थाना कोतवाली सदर बिजनौर उत्तर प्रदेश कावेन्द्र कुमार पुत्र विजयपाल सिंह निवासी निकट सद्भावना अस्पताल हरतला थाना सिविल लाइन मुरादाबाद उत्तर प्रदेश तथा दया सिंह पुत्र ओमकार सिंह निवासी ग्राम ईसमपुर ढाणा थाना गीनौर जनपद सम्भल उत्तर प्रदेश शामिल हैं। बरामदगी में 27 यूनिट रक्त 27 खाली ब्लड बैग एक बीपी मशीन एक एचबी मशीन ब्लड ग्रुप जांच संबंधी सामग्री एक डोनर फॉर्म बुक अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र एक स्लाइड का डिब्बा चार हाथ बांधने वाली बेल्ट एक वेट मशीन चार ब्लड डोनर चेयर एक ब्लड यूनिट मापने वाली वेट मशीन तथा स्विफ्ट और स्कॉर्पियो एन वाहन शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर प्रवीण सिंह कोश्यारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी कांस्टेबल किशोर नेगी कांस्टेबल जगत सिंह कांस्टेबल राजेन्द्र बिष्ट कांस्टेबल अरविन्द चौहान कांस्टेबल ध्वजवीर सिंह एवं कांस्टेबल दिगम्बर सिंह शामिल रहे।
