Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों के प्रभावी समाधान की कड़ी में करीब एक दशक से लंबित कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ई-ऑफिस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की भी विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न होने पाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समयावधि में निस्तारण किया जाए। जनता मिलन कार्यक्रम में विकासखंड कोट के श्रीखोन स्यालंगी व कठूड़ गांवों को घुड़दौड़ी ग्राम समूह पेयजल पंपिंग योजना से नहीं जोड़े जाने की पूर्णिमा नेगी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सर्वमान्य समाधान निकालने के निर्देश दिए। ग्राम थली की महिला मंगल दल की अध्यक्ष उमा देवी ने चौपड़ा का गंदा पानी पेयजल स्रोत में मिलने से पेयजल दूषित होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर जांच एवं आवश्यक उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कल्जीखाल विकासखंड के नौली के ग्रामीणों द्वारा पेयजल की नियमित आपूर्ति न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को अगले ही दिन मौके पर पहुंचकर शिकायत का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में पौड़ीगांव की महिलाओं ने वाल्मीकि बस्ती के पालतू सुअरों से फसल को हो रही क्षति की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित किया कि ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित पशुपालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा दिलाया जाए। विकासखंड धुमाकोट के ग्राम सुकरौं निवासी शिव सिंह बिष्ट ने शिकायत में बताया कि बीएसएनएल द्वारा उनकी निजी भूमि पर लगाए गए टावर का वर्ष 2017 से किराया नहीं दिया जा रहा है और टावर खराब स्थिति में पड़ा है। इस पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को बीएसएनएल के माध्यम से प्रकरण की जांच करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने अन्य शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। जनता मिलन कार्यक्रम सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के स्थायी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में की जा रही कार्रवाई के क्रम में कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के किलोमीटर 13 से 17 के मध्य संपर्क मार्ग के डामरीकरण को लेकर ग्राम सभा बड़कोट के प्रधान नवीन कुमार एवं सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन सिंह नेगी सहित ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को शिकायत दी गई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा प्रस्ताव शासन को भेजा गया। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इसी प्रकार अंकित कुमार भटगांई निवासी ग्राम पोखरी खड़खोला द्वारा नव निर्मित भवन में विद्युत संयोजन स्थापित न होने की शिकायत का त्वरित संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग द्वारा आवश्यक विद्युत पोल स्थापित कर एबी केबल बिछाने का कार्य शीघ्र पूर्ण कर भवन में विद्युत संयोजन उपलब्ध कराया गया। विकासखंड कोट के नौगांव में स्वच्छ पेयजल की समस्या की शिकायत का संज्ञान लेते हुए जल संस्थान द्वारा पेयजल स्रोत की सफाई कर बाधित आपूर्ति को तत्काल सुचारू कर दिया गया। वहीं रिखणीखाल वेलफेयर सोसायटी पौड़ी के महासचिव भगवान सिंह रावत द्वारा क्षेत्र में बाघ एवं तेंदुओं के बढ़ते आतंक की शिकायत का त्वरित संज्ञान लेते हुए वन विभाग द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई तथा आवश्यकता के अनुसार पिंजरे लगाए गए। ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ पशुहानि की घटनाओं में नियमानुसार मुआवजा कार्रवाई भी की गई। इसके अलावा क्षेत्र में निगरानी एवं गश्त निरंतर जारी है। जनता मिलन कार्यक्रम में अनीता देवी जमोत्री देवी आदि ग्राम थापली द्वारा अनुसूचित जाति बस्ती में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत का त्वरित संज्ञान लेते हुए पेयजल निगम के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। पाइपलाइन में कपड़ा एवं पॉलिथीन फंसे होने के कारण बाधित पेयजल आपूर्ति को तत्काल दुरुस्त कर वर्तमान में पेयजल व्यवस्था सुचारू कर दी गई है। बैठक में सीडीओ अशोक जोशी एडीएम एफआर चौहान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सीएमओ डॉ.मेघना असवाल मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी डीएसटीओ राम सलोने डीपीआरओ जितेंद्र कुमार अधिशासी अभियंता जल संस्थान टीएस रावत जल निगम नवनीत कटारिया विद्युत अभिनव रावत सीओ तपेश कुमार चंद जिला शिक्षाधिकारी प्राथमिक अंशुल बिष्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन सिंह भंडारी जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल एसडीओ वन आयशा बिष्ट जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया एसीएमओ डॉ.अमित मेहरा एलडीएम किशन रावत ईडीएम सचिन भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *