Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में लगातार हो रही बारिश के कारण आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। इसी क्रम में लैंसडाउन थाना क्षेत्र के मेहर गांव में मकान के ऊपर मलबा आने से मकान क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। हादसे में तीन लोगों के दबे होने की सूचना पर पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वहीं सतपुली क्षेत्र के बैर गांव में किचन की छत गिरने से घायल हुई महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। मेहर गांव में मकान के ऊपर मलबा आने से हादसा लगातार हो रही बारिश के कारण 18 अगस्त 2026 को सुबह करीब 7 बजे थाना लैंसडाउन क्षेत्रांतर्गत मेहर गांव ब्लॉक द्वारीखाल में एक मकान के ऊपर मलबा आने से मकान क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। हादसे में तीन लोगों के दबे होने की जानकारी मिली। सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान 2 वर्षीय बालक रुद्राक्ष पुत्र नवीन सिंह का शव बरामद कर लिया गया है।वहीं धीरेंद्र सिंह पुत्र प्रताप सिंह उम्र 46 वर्ष तथा मथुरा देवी पत्नी प्रताप सिंह उम्र 70 वर्ष की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें दोनों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं। बैर गांव में किचन की छत गिरने से महिला घायल दूसरी घटना में सतपुली तहसील के ग्राम बैर गांव निवासी 60 वर्षीय सुशीला देवी पत्नी कोमल सिंह के घायल होने की सूचना प्राप्त हुई। बताया गया कि 18 अगस्त की सुबह वह अपने किचन में खाना बना रही थीं। इसी दौरान किचन की छत गिरने से वह घायल हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से घायल महिला को उपचार के लिए हंस फाउंडेशन अस्पताल सतपुली पहुंचाया गया। उपचार के बाद महिला की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई गई है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *