प्रदीप कुमार
धुमाकोट-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। धुमाकोट में दवाई लेने के लिए घर से निकली महिला के वापस नहीं लौटने पर चिंतित परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को मार्चुला रामनगर से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। 19 अगस्त को घोड़पाल धुमाकोट निवासी एक व्यक्ति ने थाना धुमाकोट में शिकायत दी कि उनकी पत्नी पूजा देवी 17 अगस्त को सुबह घर से दवाई लेने के लिए बीरोंखाल गई थीं लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन और पूछताछ की लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना धुमाकोट पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने पतारसी-सुरागरसी के साथ संभावित स्थानों पर तलाश की तथा सर्विलांस की सहायता से भी महिला का पता लगाने के प्रयास किए। पुलिस के लगातार प्रयासों और त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप 20 अगस्त 2026 को गुमशुदा महिला पूजा देवी को मार्चुला रामनगर से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और धुमाकोट पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक विजय नौटियाल कांस्टेबल सुरेन्द्र सिंह महिला कांस्टेबल निशा चौहान तथा सीआईयू कोटद्वार के कांस्टेबल सितान्शु शामिल रहे।
