प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर के छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को जल्द ही अत्याधुनिक ई-लाइब्रेरी की सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ.धन सिंह रावत के प्रयासों से करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से दुमंजिला ई-लाइब्रेरी का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। श्रीनगर में पहली बार तैयार की जा रही इस आधुनिक ई-लाइब्रेरी से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा। शुक्रवार को शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के समीप राजकीय इंटर कॉलेज की वर्षों से खाली पड़ी भूमि पर निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था पेयजल निर्माण निगम के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और प्रस्तावित सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्वक और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन ई-लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए अध्ययन की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां विभिन्न विषयों की पुस्तकें ई-लर्निंग की सुविधाएं बैठकर अध्ययन करने के लिए पर्याप्त स्थान तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध रहेगा। विद्यार्थियों को ऐसा शांत और व्यवस्थित स्थान मिलेगा जहां वे नियमित रूप से पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। ई-लाइब्रेरी की खास बात यह होगी कि इसे दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए भी सुगम बनाया जा रहा है। भवन में आने-जाने के लिए रैंप सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि हर विद्यार्थी इसका आसानी से उपयोग कर सके। यह ई-लाइब्रेरी केवल श्रीनगर शहर के विद्यार्थियों के लिए ही नहीं बल्कि कीर्तिनगर और चौरास क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए भी अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। यहां विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ ही उच्च शिक्षा से संबंधित अध्ययन भी कर सकेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी रावत ने बताया कि शिक्षा मंत्री के प्रयासों से श्रीनगर क्षेत्र में ई-लाइब्रेरी का निर्माण विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को विशेष रूप से इसका लाभ मिलेगा। श्रीनगर के साथ ही कोटद्वार में भी इस प्रकार की ई-लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर में पहली बार आधुनिक सुविधाओं से युक्त ई-लाइब्रेरी तैयार हो रही है। यह युवाओं के लिए पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर शांत और सुरक्षित केंद्र बनेगी। हजारों छात्र-छात्राओं को शिफ्ट के अनुसार अध्ययन की सुविधा मिलेगी। उनका प्रयास है कि श्रीनगर और आसपास के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आधुनिक संसाधन और बेहतर लर्निंग प्लेटफॉर्म उपलब्ध हो ताकि उन्हें तैयारी के लिए बाहर न जाना पड़े।
