Spread the love

प्रदीप कुमार
गौचर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। गौचर में बंद घर का ताला तोड़कर चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी करने वाले आरोपी को कर्णप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो जोड़ी चांदी के कंगन दो जोड़ी चांदी की पायल एक सूटकेस और एक जैकेट बरामद किए हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर छह केशवास स्कूल के निकट गौचर निवासी सत्यपाल सिंह चौधरी उपचार के लिए देहरादून गए हुए थे। 20 अगस्त को वापस घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। घर से उनके नाती के दो जोड़ी चांदी के कंगन दो जोड़ी चांदी की पायल एक सूटकेस और एक जैकेट चोरी किए गए थे। चोर ने घर की अलमारियों को भी तोड़कर नुकसान पहुंचाया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। जांच के दौरान 14 और 15 अगस्त की मध्य रात्रि लगभग 11 बजे से सुबह चार बजे के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति ग्रिफ चौक से वादी के घर की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने संदिग्ध की फोटो और वीडियो फुटेज के आधार पर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद 21 अगस्त की सुबह करीब साढ़े सात बजे गौचर-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग पर सरस्वती विद्या मंदिर के आगे स्थित प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए दो जोड़ी चांदी के कंगन दो जोड़ी चांदी की पायल एक सूटकेस और एक जैकेट बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने गौचर स्थित उक्त घर में चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। बरामदगी के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी चोरी की घटनाओं का अभ्यस्त है। उसके विरुद्ध पौड़ी गढ़वाल रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद के विभिन्न थानों में चोरी एवं अन्य मामलों से संबंधित कई अभियोग पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी उमेद सिंह भंडारी पुत्र स्वर्गीय दलबीर सिंह भंडारी निवासी ग्राम कंडारा थाना कर्णप्रयाग जनपद चमोली उम्र 35 वर्ष है। बरामद सामान में दो जोड़ी चांदी के कंगन दो जोड़ी चांदी की पायल एक सूटकेस और एक जैकेट शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी गौचर उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाईं हेड कांस्टेबल अशोक रावत हेड कांस्टेबल हरेन्द्र नेगी और होमगार्ड विपिन राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *