Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। नौकरी दिलाने का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर उसे हरिद्वार से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार जौनपुर कोटद्वार निवासी सूर्यकान्त बलूनी ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि हरिद्वार निवासी प्रदीप सैनी ने उन्हें नौकरी दिलाने के नाम पर 18 लाख रुपये लिए थे। आरोप है कि रुपये लेने के बाद प्रदीप सैनी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही रकम वापस की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने धोखाधड़ी आर्थिक अपराध और अवैध लाभ अर्जित करने वाले लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन करते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी को सहयोग के लिए उपस्थित होने के संबंध में कई बार नोटिस और सूचना दी लेकिन वह पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई लेकिन वह अपने निवास स्थान सहित अन्य संभावित स्थानों से फरार रहा। गिरफ्तारी से लगातार बचते रहने के चलते न्यायालय की ओर से आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 20 अगस्त 2026 को प्रदीप सैनी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी प्रदीप सैनी पुत्र महेन्द्र सिंह सैनी निवासी शिवालिक नगर हरिद्वार है। पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चमोली और हेड कांस्टेबल आदित्य शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *