Spread the love

प्रदीप कुमार
ज्वालापुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ मेले के दौरान सैनी आश्रम के पास हुई चेन झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बेगमपुर के रास्ते में झाड़ियों से पीली धातु की चेन बरामद की है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों में शिवम गुप्ता के विरुद्ध चोरी लूट और डकैती के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं जबकि दूसरे आरोपी राहुल के विरुद्ध भी चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। नन्दपुरी कालोनी आर्यनगर ज्वालापुर निवासी अश्वनी खुराना पुत्र भगवान दास ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बताया था कि 3 अगस्त 2026 को सैनी आश्रम के पास अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने उनके भाई के गले से झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कांवड़ मेले के दौरान हुई चेन झपटमारी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके लिए पुलिस टीम गठित की गई तथा डाटा सपोर्ट की जिम्मेदारी सीआईयू हरिद्वार को दी गई। गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक डाटा जुटाने के साथ ही सुरागरसी और पतारसी करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग और पूछताछ की। इसी दौरान 21 और 22 अगस्त की मध्यरात्रि को मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध शिवम गुप्ता और राहुल को बेगमपुर बहादराबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बेगमपुर के रास्ते में झाड़ियों से पीली धातु की चेन बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम गुप्ता पुत्र राकेश कुमार गुप्ता निवासी संकटा देवी लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश तथा राहुल पुत्र लाल विहारी निवासी गोला गोकरण नाथ थाना गोला लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शिवम गुप्ता के विरुद्ध वर्ष 2023 में चोरी और लूट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2024 में उसके विरुद्ध गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज हुआ था। वर्ष 2025 में भी उसके विरुद्ध लूट चोरी हथियार और अन्य अपराधों से संबंधित कई मामले दर्ज किए गए। वहीं दूसरे आरोपी राहुल के विरुद्ध भी चोरी से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है जिसकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु की एक चेन बरामद की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी उप निरीक्षक समीप पाण्डेय प्रभारी चौकी रेल उप निरीक्षक गगन मैठाणी हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार कांस्टेबल नवीन छेत्री कांस्टेबल सुनील शर्मा कांस्टेबल नरेन्द्र राणा और कांस्टेबल रविन्द्र चौहान शामिल रहे। सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट प्रभारी सीआईयू कांस्टेबल हरवीर कांस्टेबल दीप गौड़ और कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *