प्रदीप कुमार
रुड़की-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस द्वारा वाहन चोरी की घटनाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली रुड़की पुलिस ने चोरी की गई स्कूटी बरामद करते हुए दो आरोपितों को हिरासत में लिया है। ग्राम बेलडा निवासी एक महिला जो वर्तमान में ग्राम मजरा कोतवाली रुड़की क्षेत्र में रह रही हैं ने 18 अगस्त 2026 को अपनी मेस्ट्रो स्कूटी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी किए जाने के संबंध में 21 अगस्त 2026 को कोतवाली रुड़की में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने स्कूटी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल सूचना के आधार पर 21 अगस्त 2026 को सोनाली नदी किनारे रुड़की से अभिषेक पुत्र देव कुमार निवासी माजरा कोतवाली रुड़की जनपद हरिद्वार तथा विनीत पुत्र पंकज कुमार निवासी रविदास मंदिर के पास ग्राम लखनौता थाना झबरेड़ा जनपद हरिद्वार हाल निवासी ग्राम शेरपुर थाना कोतवाली रुड़की को नीले रंग की मेस्ट्रो स्कूटी के साथ हिरासत में लिया। पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक नरेंद्र राठी हेड कांस्टेबल दिनेश गुप्ता और कांस्टेबल अमित रावत शामिल रहे।
