Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में माह जुलाई की अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन के बाद आयोजित गोष्ठी में एसपी क्राइम निशा यादव एसपी सिटी अभय सिंह एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी तथा थाना और शाखा प्रभारी शामिल हुए। गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने पिछले माह जनपद में घटित अपराधों उनके अनावरण मुख्यालय एवं जनपद स्तर पर चलाए जा रहे अभियानों लंबित विवेचनाओं सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने आम नागरिकों की सुरक्षा पुख्ता करने और जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता बताते हुए सभी थाना प्रभारियों को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। एसएसपी ने लावारिस शवों के मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई बार लावारिस शवों के मामलों को हल्के में लेने से गंभीर अपराध सामने नहीं आ पाते और मृतक को न्याय नहीं मिल पाता। उन्होंने थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में मृतक की शिनाख्त समेत अन्य आवश्यक जानकारी जुटाने तथा सीमावर्ती जनपदों और राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर आवश्यक पत्राचार एवं वार्ता करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना और कोतवाली प्रभारियों को अपने-अपने थानों में तैनात पुलिस बल को पद एवं जिम्मेदारी के अनुरूप अलग-अलग दायित्व सौंपने और निर्धारित समयावधि में उनके कार्यों का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए ताकि पुलिस कर्मियों के प्रदर्शन में हो रहे सुधार या गिरावट की जानकारी स्पष्ट रूप से मिल सके। एसएसपी ने क्षेत्राधिकारियों को वर्ष 2023, 2024 और 2025 की लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर 15 दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आख्या में विवेचनाओं के लंबित रहने के कारण और उनके निस्तारण में आ रही समस्याओं का स्पष्ट उल्लेख करने को कहा गया। इन बिंदुओं की आगामी अगस्त माह की अपराध गोष्ठी में समीक्षा की जाएगी। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में चहल-पहल बढ़ने के साथ लूट और डकैती जैसी घटनाओं की आशंका भी बढ़ सकती है। इसके मद्देनजर बाजारों और वित्तीय प्रतिष्ठानों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाए। बैंक एवं सर्राफा व्यापारियों से संपर्क कर सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था करने तथा सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत में रखने के संबंध में आवश्यक वार्ता करने के निर्देश दिए। ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं समस्याओं को भी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि कई बार पीड़ित व्यक्ति अपनी समस्या भौतिक रूप से पुलिस के सामने नहीं रख पाता और ऑनलाइन माध्यम का सहारा लेता है। ऐसे में ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों पर भी तत्परता से कार्रवाई कर पीड़ित की मदद सुनिश्चित की जाए। सभी थानों में रात्रि गश्त को लेकर भी एसएसपी ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त पर जाने वाले पुलिस कर्मियों को समय से ब्रीफ कर रवाना किया जाए। रात्रि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि गश्त टीमें सक्रिय रहें और उन्हें अपने क्षेत्र तथा ड्यूटी की पूरी जानकारी हो। गंभीर मामलों की विवेचना को लेकर एसएसपी ने विवेचकों को निर्देश दिए कि न्यायालय में आरोप पत्र या अंतिम रिपोर्ट भेजने से पहले वैज्ञानिक साक्ष्यों का सही तरीके से अध्ययन एवं परीक्षण कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के समुचित अध्ययन से विवेचना को मजबूत बनाने और पीड़ित को न्याय दिलाने में पुलिस की भूमिका प्रभावी होगी। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि अपराध समीक्षा के दौरान सभी थाना प्रभारियों को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं और पुलिस की प्राथमिकता समाज को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *