Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के तहत ढालवाला क्षेत्र में विभिन्न खाद्य पदार्थों के 9 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। अभियान के दौरान पनीर का एक खाद्य तेल का एक मिठाई के चार तथा नमकीन-चिप्स के तीन नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ढालवाला क्षेत्र में खाद्य निर्माण इकाइयों का सघन निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर एक सुधार नोटिस जारी किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानकयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों और निर्माण इकाइयों की लगातार निगरानी की जा रही है। खाद्य पदार्थों के निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा को लेकर नियमित जांच करने तथा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्रनगर बलवंत चौहान तथा जिला प्रशासन की ओर से कानूनगो राय सिंह उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *