Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर 4 सितंबर को कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। मंदिरों में सजने वाली झांकियों देर रात तक होने वाली पूजा-अर्चना भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न स्थानों से निकलने वाली शोभायात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी तैनात मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर गृह मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को नगर हरिद्वार क्षेत्र संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को रुड़की सब-डिवीजन तथा उप जिलाधिकारी हरिद्वार लक्सर और भगवानपुर को अपने-अपने सब-डिवीजन में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा संबंधित तहसीलदारों को भी चिन्हित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर उप जिलाधिकारी अपने स्तर से अधीनस्थ नायब तहसीलदारों की भी तैनाती कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने जल संस्थान एवं पेयजल निगम को सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा नगर निगम हरिद्वार और रुड़की को पर्व के दौरान विशेष साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *