प्रदीप कुमार
रानीपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ई-रिक्शा चालक और उसके दो साथियों द्वारा सवारी को सुनसान रास्ते पर ले जाकर नुकीली वस्तु के बल पर लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 10 हजार रुपये की नगदी पीड़ित के आधार कार्ड और पैन कार्ड चमड़े के जूते वारदात में इस्तेमाल लोहे का फर्सा लोहे का एंगल और ई-रिक्शा बरामद किया है। एसपी सिटी अभय कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार 12 सितंबर 2026 की रात सिडकुल स्थित राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठे पवन कुमार जो वर्तमान में महादेवपुरम सिडकुल में रहते हैं को सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल जाने वाले सुनसान रास्ते पर ई-रिक्शा चालक और उसमें पहले से बैठे दो अन्य व्यक्तियों ने नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर डरा-धमकाया। इसके बाद आरोपियों ने पवन कुमार से 10 हजार रुपये की नगदी बैग कपड़े और जूते लूट लिए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली रानीपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कोतवाली रानीपुर और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ पुराने अपराधियों से पूछताछ और अन्य सुराग जुटाए। 13 सितंबर 2026 की रात गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को लीडो क्लब जाने वाले कच्चे रास्ते में एकांत स्थान पर खड़े ई-रिक्शा में तीन संदिग्ध बैठे मिले। पुलिस ने तीनों से पूछताछ करते हुए उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10 हजार रुपये की नगदी युवक का आधार कार्ड पैन कार्ड एक लोहे का फर्सा एक लोहे का एंगल और चमड़े के जूते बरामद हुए। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों ने बताया कि वे अक्सर रात के अंधेरे में अकेली सवारी को एकांत स्थान पर ले जाकर उसके साथ लूटपाट करते हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने राजा बिस्कुट के पास से अपने ई-रिक्शा में बैठाए गए युवक को शिव मंदिर के पास डरा-धमकाकर उसका बैग उसमें रखे आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज जूते जीन्स और नगदी लूटी थी। लूटी गई जीन्स के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत ने बताया कि वही जीन्स उसने पहन रखी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेते हुए उनके कब्जे से नगदी लूटा गया सामान वारदात में इस्तेमाल लोहे के औजार और ई-रिक्शा कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लालच नशे और शौक पूरा करने के साथ ही अपना खर्चा पूरा करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण कुमार पुत्र मूल चंद निवासी ग्राम कनपारा तहसील पुवाया थाना पुवाया जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश हाल किरायेदार पप्पू चौहान सम्राट हॉल सिडकुल बाईपास थाना सिडकुल हरिद्वार उम्र 19 वर्ष शामिल है। दूसरा आरोपी विजय पुत्र रामजी निवासी मोहल्ला हाथीयाना बिलसंडा बिशनपुर थाना बिलसंडा बरेली उत्तर प्रदेश हाल निवासी किरायेदार मोहित पाल रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार उम्र 20 वर्ष है। तीसरा आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत पुत्र राजेश निवासी ग्राम नयागांव थाना शेरकोट धामपुर उत्तर प्रदेश हाल निवासी किरायेदार मोनू पाल का मकान रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार उम्र 20 वर्ष है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये की नगदी वादी के आधार कार्ड और पैन कार्ड एक लोहे का फर्सा एक लोहे का एंगल चमड़े के जूते और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी विजय का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2024 में रानीपुर क्षेत्र में शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला दर्ज रहा है। कार्रवाई करने वाली कोतवाली रानीपुर पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल हेड कांस्टेबल जगदेव कांस्टेबल विवेक गुसाईं कांस्टेबल पीएस दानू और कांस्टेबल सर्वजीत सिंह शामिल रहे। सीआईयू टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।
