Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 38 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज कराई गईं जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई कार्यक्रम में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल राशन कार्ड सहित विभिन्न मामलों से संबंधित समस्याएं सामने आईं। शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। नवोदय नगर गणेश इंक्लेव गली नंबर छह के समस्त निवासियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा गली नंबर छह के समीप नाली का निर्माण कराया गया है। नाली ऊपर की तरफ से खुली होने के कारण वाहन घर तक नहीं ले जा पा रहे हैं। गलीवासियों ने नाली को जल्द से जल्द कवर कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने मिलन केंद्र एवं शहीद स्मारक के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। प्रार्थी सरबतिया ने अपने पिता स्वर्गीय नगरे की अचल संपत्ति में अपना नाम दर्ज कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। ज्ञानलोक कॉलोनी गली नंबर 10 के निवासियों ने शिकायत की कि बगल में गार्गेडिया एसोसिएट्स द्वारा काटी गई कॉलोनी के गंदे पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण पानी उनके घरों के पीछे छोड़ा जा रहा है जिससे गंदा पानी घरों में भर जाता है। उन्होंने इस समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की। दि बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया ने हरिद्वार स्थित बौद्ध विहार के पुनर्निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं कृष्णा नगर रुड़की की गली नंबर 16 के निवासियों ने बताया कि गली में अत्यधिक ऊंची सड़क एवं नाली बनाए जाने से वहां बने अधिकांश मकानों में जलभराव की आशंका है। सभी ने गली एवं सड़क को उचित स्तर पर बनाए जाने की मांग की। प्रार्थी वेदपाल पुत्र चरण सिंह ने गंगाजी के खसरा 443/12 में जमीन पर अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन किया। वहीं प्रार्थी हरेंद्र सिंह ने ग्राम मजाहिंदपुर सतीवाला में नदी का कटाव गांव की ओर बढ़ने की समस्या को उठाते हुए जल्द तटबंध बनाए जाने की मांग की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में जनता द्वारा दर्ज कराई जा रही सभी समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए। शिथिलता बरते जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय निरीक्षण किया जाना है उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जा रही समस्याओं का संबंधित अधिकारी शीर्ष प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करें। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्परता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 216 शिकायतें तथा एल-2 स्तर पर 58 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अनिल वर्मा जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी जिला प्रोवेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत उप मुख्य नगर अधिकारी एमके यादव एलडीएम दिनेश गुप्ता परियोजना निदेशक उरेडा वाईएस बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *