Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में श्यामपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास कर रहे एक चरस तस्कर को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 400 ग्राम अवैध चरस चरस परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशों के क्रम में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 15 सितंबर 2026 को श्यामपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग तथा अपराध की रोकथाम के लिए भ्रमणशील थी। इसी दौरान गैण्डीखाता बाजार से टाटवाला जाने वाले नहर पटरी मार्ग पर रवासन नदी पुल पार करने के बाद पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। तभी टाटवाला की ओर से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल सवार अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा लेकिन जल्दबाजी में मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया। पूछताछ में मोटरसाइकिल सवार ने अपनी पहचान राकेश पुत्र कालू सिंह निवासी दूधियावाला/टाटवाला थाना श्यामपुर जनपद हरिद्वार के रूप में बताई। पुलिस टीम ने उसके पास से 400 ग्राम अवैध चरस चरस परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए जिन्हें नियमानुसार कब्जे में लिया गया। पूछताछ में राकेश ने बताया कि उसने चरस को गांव से थोड़ा-थोड़ा करके एकत्र किया था और इसे गैण्डीखाता मार्केट में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था। उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गगन मैठाणी चौकी प्रभारी लालढांग हेड कांस्टेबल शेर सिंह कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद और कांस्टेबल मनमोहन सैनी शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *