प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के दिशा-निर्देशों के तहत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में 26 सितंबर को चंबा ब्लॉक क्षेत्रांतर्गत टीएचडीसी हाइड्रो पावर अभियांत्रिकी कॉलेज भागीरथीपुरम में आपदा प्रबंधन खोज-बचाव प्राथमिक उपचार एवं भूदेव ऐप डाउनलोड कार्यक्रम के तहत आपदा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आपदा जनजागरूकता कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी के मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी ने आपदा से पूर्व आपदा के समय और आपदा के बाद की तैयारियों के संबंध में उपस्थित लोगों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। इसके साथ ही खोज-बचाव में उपयोग होने वाले बेसिक उपकरणों के बारे में बताया गया और आपातकालीन टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर देने की विधि का प्रशिक्षण भी दिया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में अत्यधिक खून बहने से रोकने की तकनीक स्थानीय संसाधनों से स्ट्रेचर तैयार करने तथा घायलों को सुरक्षित तरीके से ले जाने के तरीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान बाढ़ या जलभराव भूकंप घरेलू आग और जंगल की आग के दौरान क्या करें और क्या न करें इसके बारे में भी विस्तार से बताया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को भूदेव ऐप की उपयोगिता एवं इसके संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सहित संस्थान की डॉ.रमना त्रिपाठी प्राध्यापक डॉ.संजय रावत सहायक प्राध्यापक अतुलेश डबराल सहायक प्राध्यापक सहित कुल 514 महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।
