Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में शनिवार को विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत शेरसी में जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा की अध्यक्षता में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि श्री केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग का महत्वपूर्ण पड़ाव होने के कारण क्षेत्र में बेहतर मोबाइल नेटवर्क सुविधा होना आवश्यक है। उन्होंने विभिन्न मोबाइल नेटवर्क सेवाओं को सुचारु किए जाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने अतिवृष्टि के कारण बरसाती नालों में अत्यधिक पानी आने से भूस्खलन एवं भू-कटाव के चलते आवासीय भवनों तथा कृषि भूमि को उत्पन्न खतरे की समस्या भी रखी। ग्रामीण सौरभ सिंह रावत ने बताया कि उनके आवासीय भवन के समीप स्थित गधेरे में बड़ी मात्रा में मलबा आने से उसका बहाव बदल गया है। पानी खेत की सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए कृषि भूमि की ओर जा रहा है जिससे कृषि भूमि का कटाव हो रहा है। वहीं गधेरे का बहाव मकान की नींव के समीप से होने के कारण आवासीय भवन को भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षात्मक एवं भू-संरक्षण कार्य कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने बार-बार ट्रांसफार्मर का फेस उड़ने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने पेयजल आवास ग्राम पंचायत भवन की मरम्मत तथा सोलर लाइट की व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखीं। कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा कुल 13 समस्याएं एवं मांगें दर्ज कराई गईं। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा रखी गई सभी समस्याओं एवं मांगों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का निस्तारण जिस स्तर से होना है उन्हें उसी स्तर पर प्रेषित कर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को संबंधित विभागों को प्रेषित कर आपसी समन्वय के साथ उनके शीघ्र निस्तारण का प्रयास किया जाएगा तथा की गई कार्रवाई की जानकारी ग्रामीणों को भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान शेरसी वीरेंद्र प्रसाद कनिष्ठ सहायक सूचना विभाग अरुण भरतरी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी कुदरत राणा वीपीओ पशुपालन विभाग खुशीराम वीओ पशुपालन डॉ.प्रमोद ग्रामीण रोजगार सहायक आशुतोष कुर्मांचली सहित ग्रामीण सौरभ रावत अक्षय नौटियाल कुसुम देवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *