Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर डॉ.बी पी नैथानी ने हाल ही में उनके नाम और फर्जी जाली हस्ताक्षरों का दुरुपयोग कर जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को भेजे गए कथित शिकायती पत्र का कड़ा खंडन किया है। डॉ.नैथानी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों को रुकवाने के लिए उनके द्वारा कोई भी पत्र या शिकायत नहीं दी गई है। किसी अज्ञात असामाजिक तत्व ने नगर के विकास में अवरोध उत्पन्न करने और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की नीयत से यह कूटरचित षड्यंत्र रचा है। कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत व नगर आयुक्त नूपुर वर्मा के विजन की सराहना प्रेस को जारी अपने बयान में डॉ.बी पी नैथानी ने कहा कि वह विगत 12 वर्षों से श्रीनगर एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए निरंतर धरातल पर स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत की दूरदर्शी सोच नगर आयुक्त नूपुर वर्मा की उत्कृष्ट कार्यशैली व कर्तव्यनिष्ठा तथा महापौर आरती भंडारी के नेतृत्व में श्रीनगर का तेजी से कायाकल्प हो रहा है। नगर को स्वच्छ भव्य और आकर्षक बनाने के लिए प्रशासन द्वारा ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं जिसके लिए कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत और नगर आयुक्त नूपुर वर्मा साधुवाद के पात्र हैं। डॉ.नैथानी ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता भव्यता और बदलती सुखद तस्वीर कुछ संकीर्ण सोच वाले असामाजिक तत्वों को रास नहीं आ रही है। जब वे विकास कार्यों को सीधे तौर पर प्रभावित नहीं कर सके तो उन्होंने कायरतापूर्ण ढंग से उनके जाली हस्ताक्षर बनाकर प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया। जालसाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग डॉ.नैथानी ने बताया कि उन्होंने इस पूरे फर्जीवाड़े के संबंध में जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल नगर आयुक्त महापौर पुलिस प्रशासन और तहसीलदार को लिखित रूप से अवगत करा दिया है। उन्होंने प्रशासन से इस फर्जी पत्र की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने तथा जाली हस्ताक्षर कर षड्यंत्र रचने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। डॉ.बी पी नैथानी ने कहा कि उनके नाम और हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर प्रशासन को गुमराह करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *