प्रदीप कुमार
बुग्गावाला-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। बुग्गावाला पुलिस ने घर से नकदी और दस्तावेज चोरी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी अजय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन हजार रुपये की नकदी और शिकायतकर्ता का आधार कार्ड बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार बुग्गावाला निवासी तेजपाल ने चार सितंबर 2026 को थाना बुग्गावाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि अजय और अन्य लोगों ने उनके घर के अंदर से 15 हजार रुपये की नकदी और दस्तावेज चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में ले चुकी थी। वहीं वांछित आरोपी अजय गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 11 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय को ग्राम हसनावाला जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन हजार रुपये की नकदी और शिकायतकर्ता का आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय पुत्र कुरडी उर्फ तेजपाल निवासी बुग्गावाला थाना बुग्गावाला जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस टीम में सहायक उपनिरीक्षक युवराज सिंह तोमर कांस्टेबल हरिओम और कांस्टेबल दलीप कुमार शामिल रहे।
