Spread the love

प्रदीप कुमार
रानीपुर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार के शिवालिक नगर स्थित एम-क्लस्टर क्षेत्र में पत्नी के नाराज होकर चले जाने से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर कोतवाली रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सकुशल नीचे उतार लिया। युवक को नीचे उतारने के लिए एसडीआरएफ की टीम ने भी प्रयास किया। 12 अक्टूबर 2026 को कोतवाली रानीपुर पुलिस को सूचना मिली कि शिवालिक नगर के एम-क्लस्टर क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल टावर पर चढ़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस टीम ने युवक को काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। हालांकि युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने लगातार प्रयास जारी रखे और काफी मशक्कत के बाद शाम को युवक को सकुशल नीचे उतार लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विशाल पुत्र रामेश्वर निवासी ग्राम चकधीर थाना बेरिया जनपद बलिया उत्तर प्रदेश बताया। उसकी उम्र 25 वर्ष है। युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी नाराज होकर उसे छोड़कर चली गई थी। इसी बात से परेशान होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। पुलिस के अनुसार युवक द्वारा अपनी जान जोखिम में डालने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई। साथ ही उसे भविष्य के लिए हिदायत दी गई। इस कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल कांस्टेबल अर्जुन सिंह और कांस्टेबल वीर सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *