Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग की ओर से पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के मुनि की रेती में रिवर राफ्टिंग के दो प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इन पाठ्यक्रमों में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण का आयोजन टिहरी जनपद के कोडियाला में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पहले पाठ्यक्रम के लिए उत्तराखंड जम्मू एवं कश्मीर हरियाणा दिल्ली मध्य प्रदेश गुजरात राजस्थान उत्तर प्रदेश पंजाब कर्नाटक महाराष्ट्र सहित देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 30 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें से 27 प्रतिभागियों ने संस्थान में रिपोर्ट किया है। प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों में छह महिलाएं और 21 पुरुष हैं। पहला पाठ्यक्रम बेसिक रिवर राफ्टिंग कोर्स के रूप में संचालित किया जाएगा जबकि दूसरा पाठ्यक्रम बेसिक एवं एडवांस रिवर राफ्टिंग कोर्स होगा। सभी प्रतिभागी वर्तमान में राफ्टिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान गंगा नदी के तेज बहाव में प्रतिभागियों को तैराकी खोज एवं बचाव पेडलिंग टीम वर्क राफ्ट को उलटना और दोबारा सीधा करना तथा प्राथमिक उपचार सहित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को रिवर राफ्टिंग से जुड़ी तकनीकों और आवश्यक कौशल का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा एसएम बीएसएम एमआईडी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राफ्टिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करने और राफ्टिंग संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक प्रवीन सिंह रांगर के साथ प्रशिक्षक मनोहर लाल केवट मनीष सिंह रावत मनीष सिंह राणा अक्षय सिंह रावत प्रियांशु आर्या सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *