प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस उपाधीक्षक कोटद्वार अस्मिता ममगाईं ने कोतवाली लैंसडाउन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली को आवंटित सरकारी संपत्ति और मालखाने का जायजा लिया। मालखाने में रखे लंबित माल मुकदमाती और थाना परिसर में खड़े वाहनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कोतवाली को आवंटित शस्त्रों की स्थिति भी देखी गई। पुलिस कार्मिकों से शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास करवाया गया। साथ ही शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त थाना कार्यालय में संचालित सीसीटीएनएस पोर्टल और अन्य ऑनलाइन पोर्टलों के साथ विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के उपरांत क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने थाना परिसर में तैनात सभी पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लिया। उन्होंने कार्मिकों से उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
