प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर ने कोतवाली लक्ष्मणझूला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य थाने की कार्यप्रणाली प्रशासनिक व्यवस्थाओं अभिलेखों के रखरखाव अपराध नियंत्रण और विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करना रहा। इस दौरान उन्होंने जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और ऑनलाइन पोर्टल ई-मेल तथा सूचना का अधिकार से प्राप्त प्रकरणों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले सलामी गार्द का निरीक्षण किया गया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर का भ्रमण कर विभिन्न कार्यालयों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों शस्त्रागार मालखाना बैरिक मेस हवालात कंप्यूटर कक्ष सीसीटीएनएस सीसीटीवी कैमरों और अन्य कंप्यूटर उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से शस्त्रों एवं कारतूसों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही शस्त्रों की सुरक्षित हैंडलिंग का अभ्यास भी करवाया गया। निरीक्षण के दौरान सभी अभिलेखों में प्रविष्टियां समय से और नियमानुसार दर्ज करने तथा उन्हें अद्यावधिक रखने पर विशेष जोर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने ऑनलाइन पोर्टल ई-मेल और सूचना का अधिकार से संबंधित प्रकरणों का नियमित अवलोकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेशों और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने को कहा। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी और चेकिंग के दौरान आमजन के साथ शालीन मर्यादित एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और जनशिकायतों का निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
