Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। 50वें मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले 2026 के अंतर्गत मेला खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण की देखरेख में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रतियोगिताओं में कबड्डी और मैराथन के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को चेक और नकद धनराशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने खेल मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मेला खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण ने बताया कि इस बार कबड्डी और मैराथन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कबड्डी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल में राजन क्लब लक्सर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 21 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई। वहीं बेल्डा रुड़की की टीम कड़ी टक्कर के बाद उपविजेता रही जिसे 15 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में उत्तराखंड कबड्डी अकादमी विकासनगर ने बेहतरीन तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया। विजेता टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं पिथौरागढ़ की टीम उपविजेता रही जिसे 15 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। महिला मैराथन दौड़ में निरंजनपुर देहरादून की तनुश्री चौहान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें 11 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि का चेक प्रदान किया गया। ऋषिकेश के गुमानीवाला की भागीरथी दूसरे स्थान पर रहीं और उन्हें 8 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। पौड़ी गढ़वाल की अन्नु कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल कर 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि अपने नाम की। महिला मैराथन में चौथे स्थान पर रहीं सिमरन को 4 हजार रुपये और पांचवें स्थान पर रहीं अंकिता को 3 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। छठे से दसवें स्थान तक रहीं तेजस्वनी अम्बिका नव्या यादव खुशी और आकांशा को एक-एक हजार रुपये की सांत्वना राशि प्रदान की गई। पुरुष मैराथन प्रतियोगिता में मुकेश ने पहला स्थान प्राप्त कर 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता। रोहित राजगुरु दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली। सतीश रौथाण ने तीसरा स्थान हासिल कर 10 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। पुरुष मैराथन में चौथे स्थान पर रहे अमृत को 7 हजार रुपये और पांचवें स्थान पर रहे पंकज सिंह को 5 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। छठे से दसवें स्थान तक रहे प्रांजल रावत योगेश पवनदीप अर्जुन सिंह और उमेश पुंडीर को एक-एक हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। पुरुष मैराथन का मुख्य आकर्षण 11 वर्षीय बालक कुलदीप भारद्वाज रहे। उन्होंने सबसे कम उम्र के धावक के रूप में दौड़ सफलतापूर्वक पूरी कर सभी को हैरान कर दिया। उनकी भागीदारी ने प्रतियोगिता में विशेष आकर्षण पैदा किया। समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मेला खेल समिति के अध्यक्ष साकेत बिजल्वाण और मेला समिति के पदाधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी कोच रेफरी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *