प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर के उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और पहचान बनाने का एक बार फिर मौका मिलने जा रहा है। 23 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रहे बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी में प्रमुख आकर्षण रहने वाले ‘श्रीनगर के सितारे’ टैलेंट हंट की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके अंतर्गत गायन और नृत्य प्रतियोगिता के लिए 4 नवंबर 2026 को ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीनगर और आसपास के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाले गायकों और शानदार नृत्य से दर्शकों का दिल जीतने वाले कलाकारों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि ‘श्रीनगर के सितारे’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं है बल्कि शहर की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच है। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने आत्मविश्वास बढ़ाने और प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे बिना किसी झिझक के प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें और पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। गायन और नृत्य प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी। जूनियर वर्ग में 13 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे जबकि सीनियर वर्ग में 13 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों को मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक छात्र-छात्राएं नगर निगम कार्यालय से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 2 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता के लिए ऑडिशन 4 नवंबर 2026 को नगर निगम सभागार श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित होंगे। बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी 23 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इस बार प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में बाहर से आने वाले निर्णायक शामिल होंगे। शहर के युवा कलाकारों के लिए यह अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर है। मेले में एक बार फिर हुनर का मंच सजेगा और दर्शकों को श्रीनगर की प्रतिभाओं का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। अब सभी की निगाहें उन उभरते कलाकारों पर रहेंगी जो अपनी गायकी और नृत्य से मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
