प्रदीप कुमार
गोपेश्वर/चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और प्रतिबंधित एवं नकली दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से सोमवार को औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट ने गोपेश्वर एवं चमोली क्षेत्र स्थित मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों में औषधि विक्रय लाइसेंस और पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपलब्धता के साथ ही उनकी उपस्थिति में औषधियों का क्रय-विक्रय किए जाने की व्यवस्था की जांच की गई। इसके साथ ही मेडिकल स्टोरों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी रिकॉर्डिंग की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित एवं पृथक रखरखाव और मनःप्रभावी औषधियों के उचित भंडारण के साथ ही दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित बिलों की भी जांच की गई। इस दौरान औषधियों की गुणवत्ता की जांच एवं नकली दवाओं की रोकथाम के उद्देश्य से गोपेश्वर क्षेत्र से कुल सात दवाओं के नमूने एकत्र किए गए। वहीं मेडिकल स्टोर संचालकों को नार्कोटिक औषधियों की बिक्री केवल चिकित्सक के वैध पर्चे पर ही करने के निर्देश दिए गए। औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालकों को औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 के अंतर्गत निर्धारित लाइसेंस की सभी शर्तों एवं प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश भी दिए। औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट ने स्पष्ट किया कि जनपद में मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण एवं औषधियों की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
