Spread the love

प्रदीप कुमार
पाबौ/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन को सुरक्षित दवाएं एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार 2 नवंबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के तत्वावधान में पाबौ बाजार स्थित मेडिकल स्टोर और खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन नाज़िश कलीम के नेतृत्व में सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन एवं जेनेरिक ड्रग्स इफेक्टिव इकोनॉमिकल एंड एसेंशियल अभियान के अंतर्गत की गई। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में दवाओं की एक्सपायरी तिथि और भंडारण व्यवस्था के साथ ही लाइसेंस एवं आवश्यक अभिलेखों तथा जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता की जांच की गई। मेडिकल स्टोर संचालकों को एक्सपायरी एवं अमानक दवाओं का विक्रय नहीं करने तथा उपभोक्ताओं को जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता की जांच के लिए पाबौ बाजार में चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान रसगुल्ला और सोनपापड़ी तथा नमकीन एवं रसमलाई और नमकपारे सहित अन्य खाद्य पदार्थों के कुल छह नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ पाए जाने के संबंध में नोटिस जारी किया गया। संबंधित प्रतिष्ठान संचालक को आवश्यक सुधार करने तथा खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण समिति ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य एवं औषधि सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। साथ ही स्पष्ट किया कि एक्सपायरी एवं अमानक दवाओं तथा असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। संयुक्त निरीक्षण में एसीएमओ डॉ.गौरव बौठियाल और औषधि निरीक्षक डॉ.सीमा बिष्ट चौहान तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल एवं एमओआईसी पाबौ डॉ.पंकज और पूर्ति निरीक्षक हेमेन्द्र कुमार तथा सब-इंस्पेक्टर मुकेश गैरोला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *