Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विकासखंड पोखड़ा में समेकित शिक्षा के तहत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज पोखड़ा के खेल मैदान में समावेशी एकीकृत खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ क्षेत्र पंचायत प्रमुख संजय गुसाईं ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख संजय गुसाईं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समेकित शिक्षा के अंतर्गत अध्ययनरत बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे में विशेष प्रतिभा होती है जिसे उचित अवसर और प्रोत्साहन देकर निखारा जा सकता है। खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। साफ्ट बॉल थ्रो में जिया नेगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि अमित द्वितीय और रोशनी तृतीय स्थान पर रहीं। रिले दौड़ में उत्तम सिंह प्रथम तथा सूर्यपाल द्वितीय और संतोष तृतीय स्थान पर रहे। वहीं दौड़ प्रतियोगिता में चंदन ने प्रथम तथा विनोद भंडारी ने द्वितीय और सतपाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और मेडल तथा बैग एवं सामान्य ज्ञान की पुस्तकें पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गईं। इसके साथ ही विकासखंड सभागार में सामाजिक विज्ञान एवं बाल प्रोजेक्ट मेले का भी आयोजन किया गया। सामाजिक विज्ञान विषय के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में अंशिका कठखोला ने प्रथम तथा तन्मय रावत किमगड़ी ने द्वितीय और शिक्षा खिलासू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आकृति लियाखाल ने प्रथम तथा जागृति चौबट्टाखाल ने द्वितीय और सोनाली किमगड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मॉडल प्रदर्शनी में आकांक्षा कनोठाखाल प्रथम तथा अनिरुद्ध चौबट्टाखाल द्वितीय और सामी किमगड़ी तृतीय स्थान पर रहे। बाल प्रोजेक्ट मेले के अंतर्गत विज्ञान वर्ग में आरूष ने प्रथम तथा दिव्या ने द्वितीय और नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गणित वर्ग में अंशिका प्रथम तथा शिवानी द्वितीय और वंश तृतीय रहे। सामाजिक विज्ञान वर्ग में अंशिका ने प्रथम तथा काव्य ने द्वितीय और निकिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ब्लॉक प्रमुख ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले सभी 60 बच्चों को स्कूल बैग और छह कॉपियों का सेट तथा कलर बॉक्स वितरित किए। साथ ही 30 शिक्षकों को स्मृति स्वरूप बैग एवं डायरी भेंट की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा एवं खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी बीरेंद्र सिंह असवाल तथा खंड शिक्षा अधिकारी मनोज जोशी और प्रधान संघ अध्यक्ष दीपक सिंह एवं प्रभुशरण बुड़ाकोटी सहित विभिन्न ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज रावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *