प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सभागार गोपेश्वर में एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नशा उन्मूलन और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने शिक्षा विभाग को जनपद के सभी विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटी का गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अब तक जनपद के 200 माध्यमिक एवं 17 शासकीय विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटियों का गठन किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने चिकित्सा विभाग एवं औषधि निरीक्षक को सभी मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाना सुनिश्चित करने तथा अवैध दवाओं की बिक्री एवं नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध नियमित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी बताया गया कि चिकित्सा विभाग द्वारा अब तक 20 विद्यालयों और तीन महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। आबकारी विभाग को 21 वर्ष से कम आयु के युवाओं को शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने तथा जनपद में बिना लाइसेंस संचालित बार एवं अन्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को नशा मुक्ति केंद्र का संचालन सुनिश्चित करने के साथ ही नशे की गिरफ्त में आए लोगों के उपचार एवं पुनर्वास की व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं वन विभाग को वन क्षेत्रों में अवैध भांग की खेती पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध नियमित कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक पांच अभियोग दर्ज किए गए हैं तथा छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बैठक में कमांडेंट आईटीबीपी रोशन सिंह तथा अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश और उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडेय एवं पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र राणा तथा एसडीओ वन विकास सिंह और जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
