Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जखोली में आयोजित निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर में 27 लोगों के नेत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान छह ग्रामीणों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई जबकि 20 ग्रामीणों को दवाइयां वितरित की गईं। अगला निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर 5 नवंबर को ऊखीमठ ब्लॉक के ग्राम मनसूना में आयोजित किया जाएगा। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में आयोजित शिविर में विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर देहरादून की स्वास्थ्य टीम ने 11 पुरुषों और 16 महिलाओं सहित कुल 27 लोगों के नेत्रों की जांच की। इनमें दो पुरुष और चार महिलाएं सहित कुल छह ग्रामीण मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। शिविर में 20 ग्रामीणों को दवाइयां वितरित की गईं। मोतियाबिंद से ग्रसित लोगों का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय में निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। इसके लिए विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम की टीम उन्हें देहरादून ले जाएगी। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत 5 नवंबर को पंचायत भवन मनसूना में निःशुल्क मोतियाबिंद शिविर आयोजित होगा। उन्होंने जनमानस से इन निःशुल्क शिविरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि शिविरों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र की आशा फैसिलिटेटर अथवा आशा कार्यकत्री से संपर्क किया जा सकता है। जखोली में आयोजित मोतियाबिंद शिविर में सेवाएं देने वालों में विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर देहरादून के दृष्टिमितिज्ञ हनुमंत सिंह तथा राकेश कुंवर और बृजेश नेगी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *