प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में दीपावली एवं आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को सिल्ली और अगस्त्यमुनि तथा विजयनगर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों एवं परचून और मिष्ठान तथा डेयरी के खुदरा एवं थोक व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा रुद्रप्रयाग मनोज सेमवाल तथा फूड सुपरवाइजर सतवीर रावत के नेतृत्व में जांच दल ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी मिष्ठान विक्रेताओं की मिष्ठान ट्रे की जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी मिष्ठान विक्रेताओं ने अपनी मिठाई की बिक्री ट्रे पर निर्माण तिथि एवं उपभोग तिथि प्रदर्शित करना प्रारंभ कर दिया है। अभियान दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में बिक्री की जा रही मिठाइयों और दुग्ध पदार्थों की भौतिक जांच की। संदेह के आधार पर पांच प्रतिष्ठानों से बालूशाही मिठाई तथा गुलाब जामुन और बेसन का लड्डू एवं बीकानेरी बर्फी तथा गाय के दूध के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के मानक संतोषजनक नहीं पाए गए जिस पर संबंधित कारोबारियों को कड़ी चेतावनी दी गई। वहीं एक प्रतिष्ठान में जीरे के छोटे पाउच और पापड़ एक्सपायरी पाए गए। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारी को कड़ी फटकार लगाई गई तथा एक्सपायरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना संग्रहण का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
