प्रदीप कुमार
कोटद्वार/पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कोटद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दुर्गापुरी तथा किशनपुरी और देवी रोड एवं तीलू रौतेली चौक सहित विभिन्न स्थानों से खाद्य पदार्थों के 12 नमूने एकत्र किए गए। नमूनों में मैसूर पाक तथा बेसन के लड्डू और मावा एवं काजू कतली तथा कलाकंद और मिल्क केक सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयां शामिल हैं। अभियान के दौरान मिठाई विक्रेताओं को खुली मिठाइयों पर निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी तिथि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य कारोबारकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की बिक्री सुनिश्चित करने के साथ ही किसी भी स्थिति में एक्सपायरी और मिथ्या छाप खाद्य पदार्थों का विक्रय तथा भंडारण एवं वितरण नहीं करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कोटद्वार संदीप मिश्रा तथा तहसीलदार राजेंद्र सनवाल और सुनील बिष्ट सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
