प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। गंगा नदी की स्वच्छता निर्मलता और संरक्षण को लेकर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक आयोजित की गई। उपवन संरक्षक एवं जिला गंगा समिति के सदस्य सचिव के तत्वावधान में आयोजित बैठक में गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में नगर निगम हरिद्वार को निर्देशित किया गया कि शहर के सभी डेयरी संचालकों को नालों में गोबर नहीं डालने के लिए जागरूक किया जाए। इसके बावजूद निर्देशों का पालन नहीं करने वाले डेयरी संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी और प्लास्टिक फैलाने वालों के खिलाफ भी अधिक से अधिक चालान करने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान हरिद्वार को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि किसी भी प्रकार का गंदा पानी अथवा नालों का पानी गंगा नदी में न पहुंचे। इसके लिए नियमित निगरानी रखने और ऐसी स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में गंगा किनारे स्थित घाटों से अतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को गठित टीमों के माध्यम से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाकर घाटों को अतिक्रमणमुक्त बनाने के निर्देश दिए गए। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने सभी विभागों और समिति के सदस्यों से गंगा संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें। बैठक में मीनाक्षी मित्तल राजेश चौहान राजेंद्र सिंह सत्यदेव आर्य एमएन जोशी कुलदीप सिंह और प्रशांत पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
